माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी विशेष रूप से होंगे शामिल
प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी को सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा 11 जुलाई, 2026 को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में ‘माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। “One State. One Generation. One Sankalp.” की थीम पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 5,000 युवा सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे से होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 12 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
यह कॉन्क्लेव युवाओं को मध्यप्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार, अनुभव और सुझाव साझा करने का अवसर प्रदान करेगा तथा उन्हें प्रदेश के भविष्य के निर्माण में सहभागी बनाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे तथा युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे। यह आयोजन युवाओं की आकांक्षाओं को नीतिगत संवाद और जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कॉन्क्लेव में मोटरसाइकिल एवं साइकिल रैलियाँ, प्रेरणादायी उद्बोधन, युवा उपलब्धि सम्मान, पाँच समानांतर विषयगत कार्यशालाएँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, संवादात्मक युवा सत्र, इंदौरी फूड स्ट्रीट, म्यूज़िक स्टेज तथा 5,000 युवाओं द्वारा सामूहिक “युवा संकल्प” का संकल्प ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जो विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के प्रति युवाओं की साझा प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करेगा।
कॉन्क्लेव में शिक्षा, कौशल विकास, खेल, एमएसएमई, स्टार्टअप, कृषि एवं उद्यानिकी, स्वास्थ्य, पर्यावरण, संस्कृति एवं पर्यटन तथा जनभागीदारी सहित दस प्रमुख क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले युवा भाग लेंगे। विभिन्न विषयगत सत्रों एवं संवादों के माध्यम से प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की संभावनाओं, चुनौतियों और समाधान पर विचार-विमर्श करेंगे।
कॉन्क्लेव की प्रमुख विशेषता पाँच समानांतर विषयगत कार्यशालाएँ होंगी, जिनमें युवाओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए व्यवहारिक एवं क्रियान्वयन योग्य संकल्पों का प्रारूप तैयार किया जाएगा। इन सभी कार्यशालाओं से प्राप्त सुझावों को समेकित कर प्रदेश के युवाओं का सामूहिक “युवा संकल्प” प्रस्तुत किया जाएगा, जो मध्यप्रदेश के विकास के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता एवं साझा दृष्टि का प्रतीक होगा।
माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव 2026 युवाओं की रचनात्मक शक्ति, नेतृत्व क्षमता, नवाचार, उद्यमिता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को प्रोत्साहित करने की दिशा में मध्यप्रदेश शासन की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। यह आयोजन युवाओं को केवल संवाद का मंच ही नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदार बनने का अवसर भी प्रदान करेगा।
माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव 2026 प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सामूहिक संकल्प को एक नई दिशा प्रदान करते हुए मध्यप्रदेश के समावेशी, सतत एवं विकसित भविष्य की आधारशिला रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
