जन्म प्रमाण पत्र, समग्र आईडी और आधार कार्ड बनने से 40 से अधिक बच्चों के भविष्य को मिली नई दिशा
इंदौर एयरपोर्ट रोड स्थित देवनगरी बस्ती के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को भावनात्मक और प्रेरणादायी माहौल देखने को मिला। कलेक्टर शिवम वर्मा बच्चों के बीच पहुंचे और जमीन पर बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कुछ समय पूर्व देवनगरी बस्ती के बच्चे अपने अभिभावकों एवं सामाजिक कार्यकर्ता मोहित सिंह चौहान के साथ जनसुनवाई में पहुंचे थे। उन्होंने कलेक्टर को बताया था कि जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण उनके समग्र आईडी, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज भी नहीं बन पा रहे हैं। दस्तावेजों के अभाव में बच्चों का स्कूल में प्रवेश भी प्रभावित हो रहा था।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद देवनगरी बस्ती में विशेष अभियान चलाया गया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय में दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित कर उन बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए, जिनका जन्म घर पर होने के कारण नगर निगम के अभिलेखों में दर्ज नहीं हो पाया था। जन्म प्रमाण पत्र बनने के बाद बच्चों के समग्र आईडी, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी तैयार किए गए। इस पहल से 40 से अधिक बच्चों के शिक्षा और भविष्य का रास्ता आसान हो गया।
शुक्रवार को कलेक्टर शिवम वर्मा स्वयं विद्यालय पहुंचे और इन बच्चों का विधिवत स्कूल प्रवेश कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की शिक्षा केवल दस्तावेजों के अभाव में बाधित नहीं होने दी जाएगी। यदि इस प्रकार के अन्य मामले भी सामने आते हैं तो प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ आवश्यक दस्तावेज तैयार कराएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यालय का निरीक्षण किया, बच्चों के साथ कक्षाओं का भ्रमण किया तथा उन्हें खेल सामग्री वितरित की। उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया और बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
