एम्स भोपाल में दिमाग के इलाज की आधुनिक तकनीक शुरू
एम्स भोपाल के मनोचिकित्सा विभाग ने आज उन्नत नशा मुक्ति उपचार सुविधाओं तथा रिपिटिटिव ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (यह दिमाग के इलाज की एक आधुनिक तकनीक है) सेवा शुरू की गई। यह पहल मध्यप्रदेश में नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. विजेन्द्र सिंह ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत प्रतिदिन दोपहर में समर्पित एडिक्शन मेडिसिन क्लिनिक प्रारंभ किया गया है। यह क्लिनिक वर्तमान एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी के साथ मिलकर कार्य करेगा तथा नशा संबंधी विकारों से प्रभावित मरीजों को समग्र, सुलभ एवं रोगी-केंद्रित उपचार उपलब्ध कराएगा। इससे उपचार प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों में कमी आएगी और अधिक मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा रिपिटिटिव ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (आरटीएमएस) सेवा भी प्रारंभ की गई है। यह एक उन्नत न्यूरोसाइकियाट्रिक उपचार तकनीक है, जिसका उपयोग व्यसन विकारों सहित विभिन्न मानसिक रोगों के उपचार में किया जाता है। इस सेवा के प्रारंभ होने से संस्थान में वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित मानसिक स्वास्थ्य उपचार सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मध्यप्रदेश शासन के साथ समन्वय स्थापित कर राज्य के अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक प्रभावी उपचार पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
