GujaratMaharashtraRailway

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए अहमदाबाद में सभी 13 भारी पोर्टल बीम की लॉन्चिंग पूरी

Spread the love

साबरमती में अंतिम एवं सबसे भारी पोर्टल बीम के सफल लॉन्च के साथ, गुजरात के अहमदाबाद में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए सभी 13 भारी पोर्टल बीम की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक पूरी की गई। यह परियोजना के निर्माण में एक और महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धि है।

अहमदाबाद में 18 किलोमीटर लंबा बुलेट ट्रेन वायाडक्ट मौजूदा व्यस्त रेलवे लाइनों को एलिवेटेड स्तर पर पार करता है। इन रेलवे क्रॉसिंग्स के लिए, विशेष रूप से 13 भारी पोर्टल बीमों को डिज़ाइन और स्थापित किया गया। इनमें शामिल हैं:
• मणिनगर में मुंबई–अहमदाबाद मुख्य रेलवे लाइन पर 5 पोर्टल बीम
• वाटवा में मुंबई–अहमदाबाद मुख्य रेलवे लाइन पर 7 पोर्टल बीम
• साबरमती में अहमदाबाद–दिल्ली मुख्य रेलवे लाइन पर 1 पोर्टल बीम

अंतिम प्रीकास्ट-प्रेस्ट्रेस्ड पोर्टल बीम का वजन लगभग 1,640 मीट्रिक टन है, जो अहमदाबाद में लॉन्च किए गए सभी 13 पोर्टल बीमों में सबसे भारी प्रीकास्ट कंक्रीट पोर्टल बीम है। इसकी लंबाई 34.5 मीटर तथा क्रॉस-सेक्शन 5.5 मीटर × 4.5 मीटर है, जो इसे इस परियोजना में उपयोग किए गए सबसे बड़े प्रीकास्ट पोर्टल बीमों में से एक है। इस विशाल बीम की लॉन्चिंग का पूरा कार्य लगभग तीन घंटे में सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

इस पोर्टल बीम की लॉन्चिंग 2,200 मीट्रिक टन क्षमता वाली क्रॉलर क्रेन की सहायता से की गई। सीमित कार्यस्थल होने के बावजूद इस जटिल कार्य की विस्तृत योजना बनाई गई और भारतीय रेलवे के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित करते हुए कड़े सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान रेलवे परिचालन बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से जारी रहा।

अहमदाबाद में सभी 13 भारी पोर्टल बीम की सफल लॉन्चिंग भारत की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना के निर्माण में अपनाई जा रही अत्याधुनिक इंजीनियरिंग क्षमता, सटीक योजना और उच्च स्तर के निष्पादन का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *