आज का मंत्र है- भ्रष्टाचार छोड़ो इंडिया, परिवारवाद छोड़ो इंडिया, तुष्टिकरण छोड़ो इंडिया। यह क्विट इंडिया ही देश को बचाएगा – पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान दौरे पर हैं। उन्होंने सीकर में 9 करोड़ किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि के 17 हजार करोड़ रुपये जारी किए हैं। साथ ही पीएम प्रणाम योजना और किसान समृद्धि केंद्र की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन कर सात का शिलान्यास भी किया। आजादी का आंदोलन जब पूरी प्रखरता पर था तो महात्मा गांधी ने एक नारा दिया था, तब महात्मा गांधी ने जो नारा दिया था आज फिर से देश के कल्याण के लिए उस नारे की जरूरत है। महात्मा गांधी ने नारा दिया था- अंग्रेजों भारत छोड़ो और अंग्रेजों को देश छोड़कर जाना पड़ा था। जैसे गांधी जी ने भारत छोड़ो का नारा दिया था, वैसे ही आज का मंत्र है- भ्रष्टाचार छोड़ो इंडिया, परिवारवाद छोड़ो इंडिया, तुष्टिकरण छोड़ो इंडिया। यह क्विट इंडिया ही देश को बचाएगा। इसी के साथ पीएम मोदी ने अपना संबोधन समाप्त कर दिया।
पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा- कांग्रेस और उसकी जामत उन फ्रॉड कंपनियों की तर्ज पर काम कर रही है जो एक कांड कर के नाम बदल कर दूसरे नाम से नया कांड कर सके। मोदी ने ‘इंडिया’ गठबंधन की तुलना इस्ट इंडिया कंपनी से करते हुए कहा कहा- अगर, उन्हें इंडिया की चिंता होती तो विदेश जाकर भारत की निंदा करते क्या। अगर, इन्हें इंडिया की चिंता होती तो क्या ये सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते। अगर, इन्हें इंडिया की चिंता होती तो क्या ये गलवां में सैनिकों की शहादत पर सवाल पूछते।
