PM Shri Narendra Modi inaugurates new ITPO complex 'Bharat Mandapam' in Delhi
नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली के प्रगति मैदान में नए इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन कर दिया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी-सह-सम्मेलन केंद्र (आईईसीसी) परिसर को देश को समर्पित किया है। बता दें कि इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का नाम ‘भारत मंडपम’ रखा गया है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर-‘भारत मंडपम’ में स्मारक टिकट और सिक्के जारी किए। पीएम मोदी ने कहा कि भारत मंडपम को देखकर हर भारतीय आनंदित है और गर्व महसूस कर रहा है। भारत मंडपम भारत के सामर्थ्य और नई उर्जा का आह्वान है। भारत मंडपम भारत की भव्यता और इच्छाशक्ति का दर्शन है।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मेरे तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा, ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने आगे कहा कि आज देश का विश्वास पक्का हो गया है कि अब भारत की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं है। हमारे पहले कार्यकाल की शुरुआत में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में 10वें स्थान पर था। दूसरे कार्यकाल में आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर मैं देश को ये भी विश्वास दिलाऊंगा कि तीसरे कार्यकाल में दुनिया की पहली तीन अर्थव्यवस्थाओं में एक नाम भारत का होगा।

