Others

डर से नहीं, जिम्मेदारी से सुरक्षित होंगी सड़कें

Spread the love

राजकुमार जैन, यातायात प्रबंधन विशेषज्ञ

ज़रा अपने मन से एक सवाल पूछिए, क्या आप सीट बेल्ट इसलिए लगाते हैं कि सड़क पर पुलिस है, हेलमेट इसलिए पहनते हैं क्योंकि कैमरे की नजर है, या इसलिए क्योंकि घर पर कोई आपका इंतज़ार कर रहा है? इस एक प्रश्न का उत्तर ही हमारे यातायात व्यवहार का सबसे बड़ा सच उजागर कर देता है।

हमारे देश में अधिकांश लोग यातायात नियमों का पालन सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि चालान से बचने के लिए करते हैं। जैसे ही चौराहे से पुलिसकर्मी हटता है या कैमरे की निगरानी खत्म होती है, लालबत्ती पार हो जाती है, हेलमेट सिर से उतर जाता है और सीट बेल्ट खुल जाती है। यह केवल नियम तोड़ने की आदत नहीं, बल्कि जीवन के प्रति हमारी गलत सोच का प्रमाण है। जब तक डर है, अनुशासन है; डर गया तो नियम भी खत्म। यही मानसिकता हर वर्ष लाखों परिवारों की खुशियां छीन लेती है।

ज़रा जीवन के दूसरे पहलुओं से इसकी तुलना कीजिए। जब बारिश होती है तो क्या हम यह इंतज़ार करते हैं कि पहले कोई सरकारी अधिकारी रेनकोट पहने, तब हम छाता खोलेंगे? कड़ाके की ठंड में क्या हम यह देखते हैं कि नगर निगम का कर्मचारी स्वेटर पहन रहा है या नहीं? नहीं। हम बिना किसी आदेश, बिना किसी निगरानी और बिना किसी दंड के डर के अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम तुरंत उठाते हैं। क्योंकि हमें पता है कि बीमारी या परेशानी का नुकसान हमें ही उठाना पड़ेगा।

फिर सड़क पर आते ही हमारी समझदारी क्यों बदल जाती है? वहां हम तर्क ढूंढने लगते हैं, इतने सारे लोग बिना हेलमेट चल रहे हैं, सड़कें खराब हैं, सिगनल पर टाइमर बंद है, पुलिस वाले बिना हेलमेट के घूम रहें हैं, नगर निगम की गाड़ी लाल बत्ती उल्लंघन करती है, कोई नियम नहीं मानता, तो मैं क्यों मानूं? आदि। लेकिन दुर्घटना न तो बहाने सुनती है, न पद देखती है, न उम्र और न ही सामाजिक हैसियत। एक क्षण की लापरवाही पूरी जिंदगी की पीड़ा बन सकती है।

हेलमेट सिर पर बोझ नहीं, जीवन का सुरक्षा कवच है। सीट बेल्ट केवल कार की एक्सेसरी नहीं, बल्कि आपके परिवार की उम्मीदों की रक्षा करने वाली डोरी है। ट्रैफिक सिग्नल पर कुछ सेकंड रुक जाना समय की बर्बादी नहीं, बल्कि जीवन का सबसे समझदारी भरा निवेश है।

अब समय आ गया है कि हम यातायात नियमों को कानून की मजबूरी नहीं, बल्कि अपने संस्कार का हिस्सा बनाएं। जिस समाज में लोग बिना पुलिस की मौजूदगी के भी नियमों का पालन करते हैं, वहीं वास्तविक सभ्यता दिखाई देती है। सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार केवल अपनी जान नहीं बचाता, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति के परिवार को भी मातम से बचा सकता है।

याद रखिए, सड़क पर आपकी हर छोटी सावधानी किसी मां की मुस्कान, किसी बच्चे के भविष्य और किसी परिवार की खुशियों की सुरक्षा करती है। इसलिए अगली बार जब आप वाहन की चाबी उठाएं, तो पुलिस या कैमरे के बारे में नहीं, बल्कि उन अपनों के बारे में सोचिए जो आपकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं।

जिस दिन हमारा व्यवहार डर से नहीं, जिम्मेदारी से संचालित होगा, उसी दिन सड़कें वास्तव में सुरक्षित होंगी। क्योंकि अनुशासन कानून से नहीं, चरित्र से जन्म लेता है; और सुरक्षित समाज वही है, जहां नियमों का पालन मजबूरी नहीं, बल्कि जीवन के प्रति सम्मान बन जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *