Madhya Pradesh

बीड़ी और खदान श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी छात्रवृत्ति

Spread the love

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत श्रम कल्याण संगठन, जबलपुर ने मध्य प्रदेश के बीड़ी, चूना पत्थर, डोलोमाइट (LSDM) तथा लौह, मैंगनीज और क्रोम अयस्क (IMC) खदान श्रमिकों के बच्चों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। श्री नवीन वैध कल्याण आयुक्त (केंद्रीय) मध्य प्रदेश परिक्षेत्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को कक्षा 1 से लेकर उच्च शिक्षा के स्तर तक वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

छात्रवृत्ति की राशि इस प्रकार है: कक्षा 1-4 के लिए ₹1,000, कक्षा 5-8 के लिए ₹1,500, कक्षा 9-10 के लिए ₹2,000, तथा कक्षा 11-12 के लिए ₹3,000 मिलेगी| वहीं, आईटीई व पॉलिटेक्निक डिप्लोमा के लिए ₹6,000, स्नातक स्तर (बी.एस.सी. कृषि आदि) के लिए ₹6,000, और बी.ई., बी.टेक., एम.बी.बी.एस., बी.ए.एम.एस., बी.यू.एम.एस., एम.सी.ए. जैसी व्यावसायिक डिग्री के लिए ₹25,000 दिए जाएँगे। आवेदन प्रक्रिया 1 जून से नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) https://scholarships.gov.in/ पर शुरू हो चुकी है। प्री-मैट्रिक (कक्षा 1 से 10) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त और पोस्ट-मैट्रिक (कक्षा 11 से स्नातकोत्तर) के लिए 31 अक्टूबर है।

आवेदन के लिए फोटो, बीड़ी परिचय पत्र (खदान श्रमिकों के लिए फॉर्म-बी रजिस्टर नंबर), बैंक पासबुक या रद्द चेक की प्रति, पिछली कक्षा की अंकसूची, और सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र अपलोड करना अनिवार्य है। नए प्रावधानों के अनुसार, अब पात्र विद्यार्थी एक योग्यता-आधारित तथा एक या एक से अधिक कल्याणकारी छात्रवृत्ति का लाभ एक साथ प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए श्रम कल्याण संगठन के जबलपुर मुख्यालय (दूरभाष: 0761-4039510, 4039511), ई-मेल wcjab@mp.gov.in, कल्याण प्रशासक कार्यालय इंदौर (दूरभाष: 0731-2703530), या अपने निकटतम बीड़ी/खदान श्रमिक औषधालय व केंद्रीय चिकित्सालय, सागर से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *