Indore Metro

अ भा श्वेताम्बर जैन महिला संघ केंद्रीय इकाई का आयोजन

Spread the love

ऑनलाइन मैट्रिमोनी मीट में 243 हाइली एजुकेटेड एवं प्रोफेशनल युवक-युवतियों ने साझा किए जीवनसाथी से जुड़े विचार

इंदौर। अखिल भारतीय श्वेताम्बर जैन महिला संघ द्वारा आयोजित ऑनलाइन मैट्रिमोनी मीट में भारत, जर्मनी , अमेरिका , ऑस्ट्रेलिया , कनाडा सहित देश-विदेश के 243 हाइली एजुकेटेड एवं प्रोफेशनल अविवाहित युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपना परिचय देने के साथ शिक्षा, व्यवसाय, परिवार, रुचियों, जीवनसाथी की पसंद तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मेंटर वीरेंद्र कुमार जैन, अध्यक्ष स्नेह कटारिया, संस्थापक रेखा जैन, सचिव पूजा जैन, रेखा नानावटी, कोषाध्यक्ष संगीता पोखरना एवं पूर्व अध्यक्षों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

उम्मीदवारों ने खुलकर रखे अपने विचार

मीट में युवाओं ने जीवनसाथी को लेकर अपने विचार स्पष्ट रूप से साझा किए। कई उम्मीदवारों ने कहा कि जीवनसाथी का चयन केवल शिक्षा, नौकरी या आर्थिक स्थिति के आधार पर नहीं, बल्कि आपसी समझ, संस्कार, विचारों की समानता, सम्मान और परिवार के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के आधार पर होना चाहिए।

कुछ प्रतिभागियों ने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वे ऐसा जीवनसाथी चाहते हैं जो करियर और परिवार के बीच संतुलन समझे, एक-दूसरे के सपनों का सम्मान करे और जीवन के उतार-चढ़ाव में साथ खड़ा रहे। वहीं कुछ युवाओं ने आधुनिक सोच के साथ जैन संस्कार एवं पारिवारिक मूल्यों को भी महत्वपूर्ण बताया।

आयोजकों ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से देश-विदेश के प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को एक मंच पर लाने का उद्देश्य उचित जीवनसाथी की तलाश को सरल, सुरक्षित एवं व्यापक बनाना है। प्रतिभागियों के उत्साह से यह पहल समाज में विवाह योग्य युवाओं और उनके परिवारों के लिए उपयोगी मंच के रूप में सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *