Indore Metro

ड्रग विभाग की छापेमार कार्यवाही : 11 मेडिकल स्टोर की जांच

Spread the love


औषधि नियंत्रक मनोज पुष्प के आदेश एवं कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में जिले में मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में औषधि निरीक्षको द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वैध ड्रग लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति में दवाओं के विक्रय, क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, गर्भपात की दवाइयो और नारकोटिक्स मेडिसिन के विक्रय से संबंधित दस्तावेज की सघन जांच की गई। ड्रग विभाग की टीम के द्वारा 11 मेडिकल स्टोर की जांच की जिसमे से 4 मेडिकल स्टोर पर कमियां पाई गई। साथ ही विगत दिनों टीम के द्वारा 13 मेडिकल स्टोर की गहन जांच की गई जिसमें से 6 मेडिकल स्टोर में कमी पाई गई है।
इन गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही के मद्देनजर विभाग द्वारा ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट 1940 के तहत संबंधित मेडिकल संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर नियमानुसार लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, जांच के दौरान गुणवत्ता की पुष्टि के लिए 06 विभिन्न दवाइयों के नमूने भी जब्त किए गए हैं जिन्हें परीक्षण हेतु शासकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। औषधि निरीक्षको के द्वारा सभी मेडिकल संचालकों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए हैं कि मेडिकल स्टोर्स पर दवाओं का क्रय-विक्रय अनिवार्य रूप से फार्मासिस्ट की उपस्थिति में ही किया जाए। शेड्यूल एच, एच1 और एनआरएक्स श्रेणी की दवाइयों का विक्रय केवल डॉक्टर के वैध पर्चे पर ही हो और उनका नियमानुसार पूरा रिकॉर्ड संधारित किया जाए। ऐसा न पाए जाने पर भविष्य में होने वाली दंडात्मक कार्रवाई के लिए केमिस्ट स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *