वात्सल्य संस्था द्वाराअध्ययन सामग्री और प्रोत्साहन राशि पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे
महू, शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार निभा रही वात्सल्य संस्था द्वारा निशुल्क अभ्यास पुस्तिका (कॉपी) वितरण अभियान के चौथे चरण का आयोजन मंगलवार को क्रिस्टिना कान्वेंट उच्च माध्यमिक विद्यालय, शांतिनगर में किया गया। कार्यक्रम के दौरान महू क्षेत्र के आठ विद्यालयों के कक्षा तीसरी से आठवीं तक के 200 जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री के रूप में अभ्यास पुस्तिकाएं प्रदान की गईं। साथ ही कक्षा 5वीं एवं 8वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ के महासचिव सुरेश खण्डेलवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं नेता रामकिशोर शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महू पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष विजय कुमार विजयवर्गीय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वैशाली वाकोड़े भी मंचासीन रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
प्राचार्या श्रीमती वैशाली वाकोड़े ने कहा कि वात्सल्य संस्था द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा यह कार्य अत्यंत प्रेरणादायी है। जरूरतमंद विद्यार्थियों तक अध्ययन सामग्री पहुंचाने का यह प्रयास समाज के लिए अनुकरणीय है तथा ऐसे कार्यों में सभी को सहयोग देना चाहिए।
मुख्य अतिथि रामकिशोर शुक्ला ने कहा कि वात्सल्य संस्था लंबे समय से निस्वार्थ भाव से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करना समाज सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है।
विशिष्ट अतिथि विजय कुमार विजयवर्गीय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्था के अध्यक्ष श्री सुरेश खण्डेलवाल एवं उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। इस प्रकार की सहायता से बच्चों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में सुरेश खण्डेलवाल ने विद्यार्थियों से कहा कि वे जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत से प्रयास करें। निरंतर परिश्रम करने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलती है।
इस अवसर पर क्रिस्टिना कान्वेंट उच्च माध्यमिक विद्यालय शिक्षा समिति के चेयरमैन कैप्टन एन.एस. रावत द्वारा प्रदत्त प्रोत्साहन राशि से महू तहसील में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
कक्षा 5वीं के सम्मानित विद्यार्थी – कु. पोशिका गेहलोद (यूनिक उच्च माध्यमिक विद्यालय), कु. अंशिका पाठक (स्काय हाइट्स स्कूल), मास्टर दिव्यांश यादव (सेंट जॉर्ज स्कूल), मास्टर रौनक गणेशी (क्रिस्टिना कान्वेंट स्कूल), कु. अव्या श्रीवास (बाल विकास मंदिर) तथा कु. नैन्सी दाबड़े (आइडियल उच्च माध्यमिक विद्यालय)।
कक्षा 8वीं के सम्मानित विद्यार्थी – कु. देवांशी सोलंकी (रिचर्ड स्टार इंटरनेशनल स्कूल), कु. बबीता बीक (कान्हा इंटरनेशनल स्कूल), कु. यशस्वी वर्मा (ग्लोरियस पब्लिक स्कूल), कु. नेहा कुमारी (सेंट जॉर्ज स्कूल) एवं कु. अनुग्या सिंह परमार (रिचर्ड स्टार स्कूल)।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एवं आभार श्रीमती वैशाली वाकोड़े ने व्यक्त किया। संस्था का परिचय राजेश पाटीदार ने दिया तथा संचालन नारायण चौहान ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक कमलेश मिश्रा सहित शहर के गणमान्य नागरिक, पालकगण एवं विभिन्नविद्यालयोंकेशिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे
