लोक सेवा आयोग की सहायक प्राध्यापक परीक्षा रविवार 12 जुलाई को
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा सहायक प्राध्यापक परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार, 12 जुलाई को किया जाएगा। परीक्षा इंदौर शहर के 13 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 5,710 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देशन में परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व तक ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा 6 विषयों – संस्कृत, भूगोल, मनोविज्ञान, विधि, भूगर्भशास्त्र और योगिक विज्ञान के लिए आयोजित की जा रही है।
अभ्यर्थियों को केवल ई-प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, निर्धारित स्याही का पेन, पारदर्शी पानी की बोतल तथा प्रवेश पत्र में अनुमत सामग्री ही साथ लाने की अनुमति होगी। दिव्यांग अभ्यर्थी अपनी आवश्यकता अनुसार आयोग द्वारा अनुमत सामग्री साथ ला सकेंगे।
परीक्षा केन्द्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट व डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, ईयरफोन तथा अन्य किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा पेंसिल, रबर, शार्पनर, स्केल, बेल्ट, पर्स, वॉलेट, धूप का चश्मा, कफलिंक, हाथ में धातु या चमड़े के बैंड तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी परीक्षा कक्ष में ले जाना वर्जित रहेगा। अभ्यर्थियों को जूते-मोजे पहनकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, जबकि चप्पल या सैंडल पहनकर प्रवेश किया जा सकेगा।
अभ्यर्थियों से समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने तथा लोक सेवा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। साथ ही बताया गया है कि हिजाब, पगड़ी, कलावा, ताबीज एवं अन्य धार्मिक प्रतीकों का सम्मानपूर्वक परीक्षण किया जाएगा, किन्तु उन्हें हटाने या क्षति पहुंचाने की अनुमति नहीं होगी।
