नशा मुक्त युवा फाॅर विकसित भारत अभियान का शुभारंभ कल 02 अगस्त को
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा 125+ आध्यात्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के संयुक्त तत्वाधान में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ दिनांक 02 अगस्त, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशामुक्त जीवनशैली को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना तथा विकसित भारत–2047 के संकल्प में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। देशभर में 10,000 से अधिक स्थानों पर 20 लाख से अधिक युवा एक साथ जुड़कर इस अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे ।
मध्य प्रदेश में इस अभियान के अंतर्गत माय भारत, ब्रह्माकुमारीज, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा अन्य सभी शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा राज्य, जिला एवं स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा । भोपाल में ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल माननीय मंगू भाई पटेल शिरकत देंगे । मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग तथा राज्य सरकार के समन्वय से नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव जी उपस्थित रहेंगे ।
इसके अलावा प्रदेश भर में 30 जिला मुख्यालयों पर जिला स्तरीय कार्यक्रम तथा 505 से अधिक स्थानों पर स्थानीय स्तर के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में MY Bharat स्वयंसेवकों, युवा क्लबों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), विभिन्न विभागों एवं समाज के विभिन्न वर्गों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इन सभी स्थानों पर प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर लाखों युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ एवं उत्तरदायी जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करेंगे।
माय भारत राज्य निदेशक मंगल जाखड ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश भर में इस अभियान के अंतर्गत डिजिटल शपथ का आयोजन भी माय भारत पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है तथा अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़कर आगामी 100 सप्ताह तक इस मुहिम को जारी रखा जाएगा । इसके अलावा नशा मुक्ति युवा थीम पर जिला स्तर की प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिससे जन जागरण में युवाओं की सहभागिता बढ़ाई जा सके तथा नशे के विरुद्ध एक सकारात्मक वातावरण बन सके।
