एक्सप्रेस-वे निरीक्षण : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं को जाना
मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 245 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे के मध्यप्रदेश खंड का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने रतलाम एवं मंदसौर के कलेक्टर तथा झाबुआ के एसडीएम सहित राज्य सरकार के अधिकारियों से एक्सप्रेस-वे के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं, मांगों तथा स्थानीय आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।अधिकारियों ने मंत्री को जलभराव की समस्या, खेतों तक सुगम पहुंच (फार्म कनेक्टिविटी), गांवों की कनेक्टिविटी तथा अन्य स्थानीय मुद्दों से अवगत कराया।
इन विषयों पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीणों एवं किसानों द्वारा उठाई गई सभी मांगों का उपलब्ध प्रावधानों के अनुरूप परीक्षण किया जाए। जिन विषयों पर कार्रवाई संभव है, उन पर राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, किसानों एवं ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी विषयों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सड़क सुरक्षा उपायों, यातायात प्रबंधन, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की व्यापक समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कुछ मीडिया माध्यमों में मंत्री के काफिले से संबंधित समाचार भी प्रसारित किए गए हैं। इस संबंध में रतलाम पुलिस द्वारा पूर्व में ही स्पष्टीकरण जारी किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, काफिले के दौरान सामने आए व्यक्तियों से पूछताछ में उन्होंने बताया कि सड़क के दूसरी ओर स्थित विद्यालय जाने के लिए बच्चे सड़क पार कर रहे थे और उसी दौरान यह स्थिति बनी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल सभी व्यक्ति सुरक्षित हैं। एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सदैव तैनात रहते हैं तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्कता बरती जाती है।
