Event organized to mark the completion of the one-year tenure of 'Sanchar Mitras'
दूरसंचार विभाग, भारत सरकार द्वारा विभाग की विभिन्न नीतियों, डिजिटल सेवाओं एवं नागरिक-केंद्रित पहलों के संबंध में आम जनता में जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को डिजिटल जागरूकता के प्रयासों से सक्रिय रूप से जोड़ने के उद्देश्य से ‘संचार मित्र योजना’ प्रारंभ की गई है।
इस योजना के अंतर्गत शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों से 187 विद्यार्थियों को संचार मित्र के रूप में जोड़ा गया। संचार मित्रों को नागरिकों के बीच डिजिटल साक्षरता एवं सुरक्षित दूरसंचार उपयोग को बढ़ावा देने तथा साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। योजना से जुड़ने के बाद संचार मित्रों ने मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
संचार मित्रों के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर एमपी एलएसए, दूरसंचार विभाग द्वारा 01 अक्टूबर 2026 को भोपाल में प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संचार मित्रों द्वारा किए गए सक्रिय योगदान एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना ।कार्यक्रम की अध्यक्षता एमपी एलएसए के अपर महानिदेशक आशीष पाठक ने की। इस अवसर पर उपमहानिदेशक (प्रौद्योगिकी) पुनीत श्रीवास्तव सहित दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संचार मित्र एवं संबंधित संस्थानों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संचार मित्रों ने योजना से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से उन्हें दूरसंचार एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी से संबंधित विषयों को समझने के साथ-साथ समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने का अवसर मिला। विभिन्न संस्थानों के नोडल अधिकारियों ने भी योजना के क्रियान्वयन से संबंधित अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए।
