इंदौर में होगा संयुक्त किसान मोर्चा मध्य प्रदेश का राज्य सम्मेलन
संयुक्त किसान मोर्चा, मध्य प्रदेश का राज्य सम्मेलन आगामी 2 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे गांधी हॉल, इंदौर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेशभर से किसान संगठनों के पदाधिकारी, किसान प्रतिनिधि तथा राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के किसान नेता शामिल होंगे।
सम्मेलन में किसानों और मजदूरों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर आगामी संघर्ष एवं आंदोलनों की रणनीति तय की जाएगी। प्रमुख मुद्दों में अहिल्या पथ योजना रद्द करने, प्रभावित किसानों की जमीनों से रोक हटाने, सांची दूध संघ में दूध का भाव ₹12 प्रति फैट करने, 150 से अधिक गांवों में दिए गए सांची समितियों के ज्ञापनों पर कार्रवाई, इंदौर जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने तथा सोयाबीन की खरीदी ₹8,000 प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग शामिल रहेगी।
इसके साथ ही MSP की कानूनी गारंटी, मंडी व्यवस्था की रक्षा, भूमि अधिग्रहण का विरोध, किसानों-मजदूरों की अन्य समस्याओं तथा केंद्र और राज्य सरकार की किसान नीतियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन में किसान संघर्ष समिति, अखिल भारतीय किसान मजदूर संगठन, भारतीय किसान मजदूर सेना, अखिल भारतीय किसान सभा, किसान सभा अजय भवन सहित विभिन्न किसान संगठनों की भागीदारी रहेगी।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रदेशभर में किसान प्रतिनिधियों से संपर्क किया जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक किसान प्रतिनिधियों से 2 अक्टूबर को गांधी हॉल पहुंचकर किसान हित के आगामी संघर्ष की दिशा तय करने में भागीदारी करने का आह्वान किया है।
यह जानकारी रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव, अरुण चौहान, रुद्रपाल यादव सोनू शर्मा, शैलेंद्र पटेल, चंदन सिंह बड़वाया सहित संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसान नेताओं ने दी।
