Bihar

कांग्रेस के वंदे मातरम फैसले पर शिवराज सिंह का तीखा हमला; वंदे मातरम को अधूरा गाने का फैसला देश की भावना और राष्ट्रगीत का अपमान

Spread the love

पटना/नई दिल्ली, पटना में प्रधानमंत्री आवास योजना के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार को बड़ी सौगात दी। उन्होंने एक तरफ गरीब परिवारों के लिए 11 लाख 18 हजार 937 पक्के मकानों की मंजूरी और 13 हजार 427 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के वंदे मातरम से जुड़े फैसले की कड़ी निंदा की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप बिहार के गरीबों, किसानों और महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं कीं।

कांग्रेस के वंदे मातरम फैसले पर तीखा प्रहार

केंद्रीय शिवराज सिंह चौहान ने अपने भाषण में कांग्रेस के खिलाफ तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए कहा कि वंदे मातरम को अधूरा गाने का फैसला देश की भावना और राष्ट्रगीत का अपमान है। मंत्री चौहान ने कहा कि यह किसी पार्टी का नहीं बल्कि भारत माता के सम्मान का प्रश्न है। शिवराज सिंह ने कहा कि जो गीत स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणा रहा, उसे पूरा गाना हर भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कुछ दल देश की एकता और संस्कृति से जुड़े प्रतीकों को भी राजनीतिक लाभ के लिए तोड़-मरोड़ देते हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि वंदे मातरम का पूरा गायन होना चाहिए और इस विषय पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्वाभिमान से जोड़ा।

गरीबों को पक्के घर की सौगात

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के लिए बड़ी आवासीय घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य के गरीब परिवारों के लिए 11 लाख 18 हजार 937 पक्के मकानों की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही 13 हजार 427 करोड़ रुपये का आवंटन भी किया गया है और इसका पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। श्री चौहान ने कहा कि यह सिर्फ मकान देने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन में सम्मान और सुरक्षा जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि जिनके पास पक्का घर होगा, उनके जीवन की परेशानियां काफी कम होंगी। सर्दी, गर्मी, बारिश और तूफान से बचाव के लिए घर सबसे पहली जरूरत है। मंत्री ने यह भी कहा कि पक्का मकान सिर्फ ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं होता, वह पूरे परिवार के सम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर गरीब को पक्का घर देने का जो संकल्प लिया, वह अब बिहार में बड़े पैमाने पर पूरा होता दिख रहा है। बिहार को मिली यह मंजूरी सरकार की इसी प्राथमिकता का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *