Madhya Pradesh

जन्मदिन के अगले ही दिन मासूम सृष्टि की दर्दनाक मौत, रसोई में लगी आग से मां भी झुलसी

Spread the love

कुनगारा गांव में हादसे से मातम, मूक-बधिर मां ने वीडियो कॉल कर परिजनों को दी सूचना

संदीप सेन

देपालपुर। क्षेत्र के ग्राम कुनगारा में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। जिस परिवार में रविवार को दो वर्षीय मासूम सृष्टि का जन्मदिन हंसी-खुशी और उत्साह के साथ मनाया गया था, वहीं अगले ही दिन सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रसोई में खाना बनाते समय आग लगने से मां और बेटी गंभीर रूप से झुलस गए। उपचार के दौरान मासूम सृष्टि ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां काजल का अस्पताल में इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह काजल घर की रसोई में भोजन बना रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी साड़ी में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और पास में मौजूद उनकी दो वर्षीय बेटी सृष्टि भी उसकी चपेट में आ गई। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

बताया गया है कि काजल मूक-बधिर हैं, जिसके कारण वह मदद के लिए आवाज नहीं लगा सकीं। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने मोबाइल से खेत में काम कर रहे परिजनों को वीडियो कॉल किया और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल घर पहुंचे और मां-बेटी को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन मासूम सृष्टि की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं काजल का उपचार जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे कुनगारा गांव में शोक का माहौल है। रविवार को जिस मासूम का जन्मदिन परिवार और रिश्तेदारों ने खुशियों के साथ मनाया था, उसके अगले ही दिन उसकी असामयिक मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। गांव में घटना की चर्चा के साथ परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद और झकझोर देने वाला है।

1007237649

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *