Indore Metro

बीएसएफ परिसर में जेस का पौधरोपण अभियान, बच्चों ने जाना सीमा सुरक्षा का जज़्बा

Spread the love

इंदौर। जैन इंजीनियर्स सोसायटी (JES) एवं यंग जेस इंदौर ने रविवार को बीएसएफ (BSF) के रेवती रेंज परिसर में “एक पौधा, एक जीवन” अभियान के तहत परिवार के साथ पौधरोपण किया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को सीमा सुरक्षा बल के कार्य, अनुशासन और देशभक्ति के संस्कारों से भी परिचित कराया गया।

अध्यक्ष विकास जैन एवं अनुपमा जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट सुनील जैन ने जवानों के कठिन प्रशिक्षण, सीमाओं पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों और बीएसएफ के ध्येय वाक्य “जीवन पर्यंत कर्तव्य” की भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर जाकर ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक द्वारा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने से भी सिद्ध होती है। सैनिकों के परिवारों के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि परिवार का संबल ही जवान की सबसे बड़ी ताकत होता है।

उनकी अर्धांगिनी प्रिया जैन ने बताया कि सुनील जैन सीमा सुरक्षा बल में सेवाएँ देने वाले देश के एकमात्र जैन अधिकारी हैं। जैन ने बच्चों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए बीएसएफ में करियर की संभावनाओं और चयन प्रक्रिया की जानकारी भी दी। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि सीमा सुरक्षा बल के जवान सटीक निशाना लगाने के लिए किस प्रकार नियमित एवं कठोर प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं तथा किन-किन तकनीकों और अभ्यासों के माध्यम से अपनी दक्षता विकसित करते हैं।

संस्थापक अध्यक्ष एवं आईटीएल इंडस्ट्री के चेयरमैन राजेंद्र जैन ने हाल ही में बेल्जियम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में नए सदस्यों का स्वागत किया गया तथा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में महेंद्र पहाड़िया, संदीप जैन, प्रो. अंजना जैन, प्रो. सतीश कुमार जैन, प्रो. अरुण पारेख, रिटायर्ड एयर कमांडर कुलभूषण जैन, रिटायर्ड विंग कमांडर शशिकर चौधरी, अखिलेश जैन वास्तु, अखिलेश जैन (CAT), शैलेन्द्र जैन, निकिता जैन, शोभा जैन, अमृता पारेख, अंतिम जैन सहित बड़ी संख्या में सदस्य परिवारों ने भागीदारी की।

कार्यक्रम की एक विशेष पहल यह रही कि भोजन के बाद सभी प्रतिभागियों ने परिसर में बिखरे पेपर नैपकिन, डिस्पोजेबल गिलास एवं अन्य कचरे को स्वयं एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। समापन पर सचिव विकास जैन (CAT) ने बीएसएफ अधिकारियों, जवानों और सहभागी परिवारों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रभावी एवं रोचक शैली में रितेश विजया जैन, रजत स्वाति जैन, अनुभव नीलु जैन और अनुराग कविता जैन द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *