Indore Metro

कारगिल विजय दिवस पर एपीएस महू में गूंजी देशभक्ति, अंतर-विद्यालयीन चित्रकला प्रतियोगिता में 14 स्कूलों ने लिया भाग

Spread the love

महू, कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस), महू द्वारा शुक्रवार को अंतर-विद्यालयीन चित्रकला (ड्राइंग एवं पेंटिंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को समर्पित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के 14 प्रमुख विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति पर आधारित आकर्षक चित्रों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल तन्मय रथ (सीनियर इंस्ट्रक्टर, एफसीसी एंड ईडब्ल्यू, एमसीटीई एवं कार्यवाहक अध्यक्ष, एपीएस महू) रहे। उन्होंने प्रतियोगिता का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं सृजनात्मक सोच को प्रोत्साहित करती हैं।
प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया। कक्षा 6 से 8 वर्ग में द एमेरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की आशी नाहर ने प्रथम, मेडी-कैप्स इंटरनेशनल स्कूल की आश्वी नीमा ने द्वितीय तथा चमेली देवी पब्लिक स्कूल की अवनी पांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं कक्षा 9 से 12 वर्ग में द एमेरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की गौरी शर्मा प्रथम, सेंट मैरीज़ हायर सेकेंडरी स्कूल की ताशीन खान द्वितीय तथा द एमेरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की राजसी नागदा तृतीय स्थान पर रहीं।
समापन समारोह में कर्नल तन्मय रथ ने ‘ऑपरेशन विजय’ के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कारगिल के वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा सभी सहभागी विद्यालयों और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि कला के माध्यम से देशभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय परिवार द्वारा किया गया। अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *