रियान पराग के बल्ले से तूफानी शतक
102 गेंदों पर 131 रनों की धुआंधार पारी
देवधर ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स के इस खिलाड़ी ने कमाल का प्रदर्शन किया है। खास बात यह रही कि रियान पराग ने बल्ले से जहां तूफानी शतक लगाकर धूम मचाई। उसके बाद गेंद से भी उन्होंने चार विकेट लेकर बड़ा कारनामा किया। रियान पराग ने पहले ईस्ट जोन को मुश्किल से निकाला और 102 गेंदों पर ताबड़तोड़ 131 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 11 छक्के लगाए। इस धाकड़ बल्लेबाज ने टीम इंडिया के लिए खेल चुके स्टार ऑलराउंडर युसुफ पठान का 13 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। आपको बता दें इस पारी में ईस्ट जोन का स्कोर एक समय 16 ओवर के बाद 57 रन पर पांच विकेट था। इस बुरी हालत से रियान पराग ने विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर टीम को मुश्किल से बाहर निकाला। दोनों ने 181 गेंदों पर 235 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। कुशाग्र ने भी 98 रनों की पारी खेली और अपने शतक से चूक गए। वहीं रियान पराग ने 102 गेंदों की पारी में मैच को नॉर्थ जोन की पकड़ से दूर कर दिया।
देवधर ट्रॉफी में यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले साल 2010 में युसुफ पठान ने वेस्ट जोन के लिए खेलते हुए 9 छक्के एक पारी में लगाए थे। युसुफ की भी वो पारी नॉर्थ जोन के खिलाफ ही आई थी। वहीं इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं टीम इंडिया के मौजूदा स्टार श्रेयस अय्यर जिन्होंने 2018 में इंडिया बी के लिए खेलते हुए 8 छक्के इंडिया सी के खिलाफ लगाए थे।
