Politics

मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर जाति आधारित जनगणना करायी जाएगी– खड़गे

Spread the love

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य में जाति आधारित जनगणना करायी जाएगी। श्री खड़गे ने यहां आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और अन्य नेता भी मौजूद थे।

श्री खड़गे ने कहा कि जाति आधारित जनगणना होने से विभिन्न जातियों के विकास के संबंध में वस्तुस्थिति का पता चल सकेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि कांग्रेस की सरकार बनने पर संत रविदास के नाम पर विश्वविद्यालय खोला जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं पर हमला करते हुए कहा कि वे लोग वास्तव में अनुसूचित जाति के लोगों का विकास नहीं चाहते हैं। उनका काम ‘मुंह में राम, बगल में छुरी’ की तरह है।

श्री खड़गे ने हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मध्यप्रदेश यात्रा के दौरान कांग्रेस से 53 सालों का हिसाब मांगने संबंधी घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही देश में आजादी दिलाई। देश को संविधान दिया। अविभाजित मध्यप्रदेश में भिलाई स्टील प्लांट बना। इंदिरा सागर बांध बना। विश्वविद्यालय खुले। उच्च शिक्षण संस्थान भी खुले। इसके अलावा ऐसे काम हुए, जिसकी लंबी फेहरिस्त है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ये लोग (भाजपा) भी देश और प्रदेशों में कई वर्षों से शासन कर रहे हैं। लेकिन इन्होंने कुछ नहीं किया और अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए कांग्रेस से हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी असत्य बोलने का आरोप लगाया।

श्री खड़गे ने राज्य की भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि वर्ष 2018 के चुनाव में जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी, लेकिन कुछ समय बाद ही भाजपा ने विधायकों को खरीदकर अपनी सरकार बना ली। मौजूदा सरकार वैध नहीं है। श्री खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने इसी तरह के काम कर्नाटक समेत अनेक राज्यों में किए है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे आने वाले समय में भाजपा को इसका सबक सिखाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *