BHOPAL

फिटनेस के लिए साइकिल पर निकले जेन-जी, नशे के खिलाफ ली शपथ

Spread the love

भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के केंद्रीय क्षेत्रीय केंद्र (CRC), भोपाल द्वारा रविवार को ‘संडेज ऑन साइकिल’ के विशेष संस्करण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ नशामुक्त भारत के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम की शुरुआत भोपाल स्कूल ऑफ़ सोशल साइंसेज़ (BSSS) कॉलेज, भोपाल से हुई। साइकिल रैली BSSS कॉलेज से बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय तक गई और वहां से वापस BSSS कॉलेज पहुंची। प्रतिभागियों ने लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय की। इस विशेष आयोजन में करीब 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर SAI भोपाल के एडी नवीन कुमार, NSS क्षेत्रीय निदेशक अशोक कुमार श्रोती तथा BSSS कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर जॉन पी.जे. सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ भी ली। शपथ के माध्यम से युवाओं और नागरिकों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

संडे ऑन साइकिल’ के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित साइकिलिंग और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश प्रमुखता से दिया गया। SAI CRC भोपाल द्वारा आयोजित यह विशेष संस्करण खेल और फिटनेस को सामाजिक जागरूकता से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिट एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *