पीएम-यशस्वी योजना से विभिन्न वर्ग के विद्यार्थियों को मिलेगा शिक्षा का बेहतर अवसर
भारत सरकार अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (EBC) तथा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध-घुमंतू जनजातियों (DNT) के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए प्रधानमंत्री यंग अचीवर्स स्कॉलरशिप अवार्ड स्कीम फॉर वाइब्रेंट इंडिया (PM-YASASVI) के तहत कई छात्रवृत्ति योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों की आर्थिक परेशानी कम करना और उन्हें अच्छी, समान तथा सभी के लिए सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराना है।
यह जानकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता (सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट) मंत्रालय के राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा ने लोकसभा में दी। तथा उन्होंने बताया कि पीएम-यशस्वी योजना के तहत विद्यार्थियों की पढ़ाई के अलग-अलग स्तरों पर सहायता देने के लिए चार प्रमुख छात्रवृत्ति योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, स्कूलों में टॉप क्लास एजुकेशन योजना और कॉलेजों में टॉप क्लास एजुकेशन योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का लाभ ओबीसी, ईबीसी और डीएनटी वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को दिया जाता है।
राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा ने यह भी बताया गया कि पीएम-यशस्वी योजना का मुख्य उद्देश्य इन वर्गों के पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देना है, ताकि वे पैसों की कमी के कारण अपनी स्कूल और उच्च शिक्षा बीच में न छोड़ें और बिना किसी परेशानी के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।
