National

भारत अब चंद्रमा पर है, यह विकसित भारत के शंखनाद का पल है-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को चांद पर चंद्रयान-3 के उतरने की घटना को ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि यह विकसित भारत के शंखनाद का पल है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग पर उन्होंने कहा, ‘जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है. ये नए भारत का सूर्योदय है.’ पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतर को लेकर खुशी जताई और कहा, ‘हमने धरती पर संकल्प किया और चांद पर उसे साकार किया…भारत अब चंद्रमा पर है. इससे पहले कोई भी देश वहां (चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव) तक नहीं पहुंचा है. हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत से हम वहां तक पहुंचे हैं.’

चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है… यह सफलता पूरी मानवता की है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं.’ चंद्रयान-3 मिशन के परियोजना निदेशक पी. वीरमुथुवेल ने भी कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास जाने वाला भारत पहला देश बन गया है.

सॉफ्ट-लैंडिंग के बाद, अब प्रज्ञान रोवर अपने एक साइड पैनल का उपयोग करके लैंडर के अंतर से चंद्रमा की सतह पर उतरेगा. चंद्रमा के परिवेश का अध्ययन करने के लिए लैंडर और रोवर का मिशन जीवन एक चंद्र दिवस (लगभग 14 पृथ्वी दिवस) का होगा. हालांकि, इसरो अधिकारी इनका जीवन काल एक और चंद्र दिवस तक बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *