ज्ञानतीर्थ क्षेत्र मुरैना में 25 अक्टूबर को होगा वार्षिक महामस्तकाभिषेक महोत्सव
मनोज जैन नायक
ए.बी. रोड हाईवे पर स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगम्बर जैन ज्ञानतीर्थ क्षेत्र में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को वार्षिक महामस्तकाभिषेक महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित होने जा रहा है । ज्ञानातीर्थ क्षेत्र महाआराधक परिवार के जिनेश जैन कालू ने जानकारी देते हुए बताया कि आचार्यश्री उदारसागर एवं मुनिश्री उपशांत सागर महाराज के ससंघ सान्निध्य में महामस्तकाभिषेक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है ।
मांगलिक कार्यक्रमों के तहत प्रातःकालीन वेला में प्रातः 9 बजे मंगलाचरण के साथ शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन में जैन संतों के मंगल उद्बोधन और भगवान का महामस्तकाभिषेक सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे, समाधिस्थ सराकोद्धारक आचार्य रत्न श्री 108 ज्ञानसागरजी महाराज की पावन प्रेरणा एवं आशीर्वाद से “ज्ञानतीर्थ क्षेत्र” का निर्माण हुआ था । आयोजन हेतु आचार्यश्री ज्ञेयसागरजी महाराज, आचार्यश्री अभिनंदनसागरजी महाराज, गणिनी आर्यिकाश्री स्वस्तिभूषण माताजी, गणिनी आर्यिकाश्री आर्षमति माताजी, आर्यिकाश्री सुज्ञानमति माताजी एवं आर्यिकाश्री दयामति माताजी ने मंगल आशीर्वाद प्रदान किया है।**प्रातः 10 बजे होगा महामस्तकाभिषेक**आयोजन की रूपरेखा के अनुसार प्रातः 9 बजे मंगलाचरण, 9:30 बजे आचार्यश्री का मंगल उद्बोधन तथा 10 बजे बड़े बावा श्री आदिनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक होगा। प्रातः 11 बजे आचार्यश्री ससंघ की आहारचर्या संपन्न होगी। प्रतिष्ठाचार्य संजय शास्त्री, सिहोनिया के मार्गदर्शन में सभी धार्मिक क्रियाएं सम्पन्न होगी ।भजन गायक एवं संगीतकार मनीष एंड पार्टी, मुरैना द्वारा संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी।**24 अक्टूबर को होगा आचार्य संघ का मंगल आगमन*आचार्य श्री 108 उदारसागरजी महाराज ससंघ का मंगल विहार शनिवार, 24 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे बड़े जैन मंदिर से ज्ञानातीर्थ के लिए होगा।
आयोजकों ने समाजजनों से मंगल विहार में सहभागी बनने का आग्रह किया है। महोत्सव के आयोजक श्री ज्ञानतीर्थ क्षेत्र महाआराधक परिवार एवं सकल जैन समाज, मुरैना की ओर से श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के पश्चात क्षेत्र में पधारे सभी महानुभावों के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने धर्मप्रेमी बंधुओं से महोत्सव में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।







