Madhya Pradesh

मुरैना बड़े जैन मंदिर से डेढ़ किलो से अधिक चांदी के तीन छत्र चोरीसीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Spread the love

मुरैना (मनोज जैन नायक)। शहर के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में सोमवार शाम अज्ञात चोर द्वारा भगवान मुनिसुव्रतनाथ की वेदी से लगभग डेढ़ किलो वजनी चांदी के तीन छत्र चोरी कर लिए गए। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम लगभग 7:40 बजे एक अज्ञात व्यक्ति सिर पर टोपी और चेहरे पर रुमाल बांधकर मंदिर परिसर में प्रवेश किया। उस समय मंदिर प्रांगण में आचार्यश्री के ससंघ सान्निध्य में सायंकालीन धर्मसभा चल रही थी, जिसमें अधिकांश श्रद्धालु उपस्थित थे। कुछ लोग मंदिर कार्यालय में भी बैठे हुए थे। इसी अवसर का लाभ उठाकर आरोपी मुख्य द्वार से मंदिर में दाखिल हुआ। उसने नियमानुसार चप्पल उतारी, कार्यालय की ओर भी नजर डाली और बेधड़क दूसरी मंजिल पर पहुंच गया।
बताया जाता है कि आरोपी ने भगवान मुनिसुव्रतनाथ की वेदी क्रमांक-7 पर स्थापित जिनेन्द्र प्रभु के ऊपर एक ही लड़ी में लगे तीनों चांदी के छत्रों को कटर से काटा और उन्हें लाल रंग के थैले में रखकर उसी रास्ते से आराम से बाहर निकल गया। चोरी गए तीनों छत्रों का कुल वजन लगभग डेढ़ किलो बताया जा रहा है।
मंगलवार सुबह जब श्रद्धालु अभिषेक एवं पूजन के लिए मंदिर पहुंचे, तब छत्र चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
बड़ा जैन मंदिर कमेटी के मंत्री विनोद जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर कमेटी के पदाधिकारी एवं समाजजन सिटी कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपकर चोरी को घटना से अवगत कराया । सूचना मिलते ही सीएसपी दीपाली चंदोरिया एवं नगर निरीक्षक अतुल सिंह भदौरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
बीच बाजार में स्थित जैन मंदिर से दिनदहाड़े चांदी के छत्र चोरी होने की घटना से जैन समाज में भारी रोष है। मंदिर कमेटी ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन की प्रतिलिपि सौंपते हुए शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी एवं चोरी गए चांदी के छत्रों की बरामदगी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *