Delhi

भारत के विदेश मंत्रालय ने मालदीव के उच्चायुक्त को किया तलब

Spread the love

मालदीव के मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी को लेकर दोनों देशों के बीच तल्खी बढ़ गई है। इस बीच खबर है कि भारत के विदेश मंत्रालय ने मालदीव के उच्चायुक्त को तलब किया है। मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम शाहीब दिल्ली के साउथ ब्लॉक में विदेश मंत्रालय पहुंचे। भारत ने पीएम मोदी के खिलाफ बयानों पर मंत्रियों की टिप्पणियों को लेकर सख्त नाराजगी जताई है। बता दें कि मालदीव की महिला मंत्री मरियम शिउना ने पीएम मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मुद्दे को भारत ने मालदीव की मोहम्मद मुइज्जू सरकार के सामने उठाया था। माले में भारतीय उच्चायुक्त ने मंत्री की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद मंत्रियों को सस्पेंड किया गया था। भारत की आपत्ति के बाद मालदीव सरकार ने बयान जारी कर कहा था कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है। मंत्री की टिप्पणी मालदीव सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है। वहीं मंत्रियों के अपमानजनक बयानों के बाद भारत में मालदीव का विरोध होना शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर आम लोगों से लेकर सेलिब्रिटी तक ने मालदीव का विरोध किया। मालूम हो कि रविवार को भारत में सोशल मीडिया पर #BoycottMaldives ट्रेंड करने लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *