नीमच के किसान सिंचाई सुविधाओं का लाभ पाकर पंजाब के किसानों को छोड़ेंगे पीछे : मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नीमच जिले में गांधी सागर बांध और अन्य साधनों से हर किसान के खेत तक पानी पहुँचाएंगे। यहाँ के किसान पंजाब के किसानों को पीछे छोड़ देंगे। पूर्व सरकार ने गांधी सागर बांध से किसानों को पर्याप्त सिंचाई दिलवाने पर ध्यान नहीं दिया जबकि यह असंभव कार्य नहीं था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उनके शब्दकोष में असंभव शब्द नहीं है। शीघ्र ही साढ़े तीन हजार करोड़ रुपए लागत की नीमच- जावद सिंचाई योजना भी प्रारंभ की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज नीमच जिले के मनासा में विकास पर्व के अंतर्गत 1208 करोड़ रुपए की रामपुरा मनासा वृहद सूक्ष्म दाब युक्त सिंचाई परियोजना के भूमि-पूजन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
रामपुर-मनासा माइक्रो उद्वहन सिंचाई योजना
1208.89 करोड की रामपुरा-मनासा माइक्रो उद्वहन सिंचाई योजना में गांधी सागर जलाशय के डूब क्षेत्र पर सेमली आंत्री एवं ग्राम बनडा पर दो पम्पिंग स्टेशनों का निर्माण कर, पाईप लाईन व्दारा रामपुरा, मनासा, नीमच एवं जावद तहसील के कुल 215 गावों की 65 हजार 400 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। कुल सिंचाई क्षेत्र को तीस-तीस हेक्टेयर के चक में तथा प्रत्येक तीस हेक्टेयर चक को 5-5 हेक्टेयर सब चक में विभाजित कर, सिंचाई के लिए जल उपलब्ध करवाया जायेगा। किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक तीस हेक्टेयर के चक पर स्वचलित आउटलेट मेनेजमेंट सिस्टम स्थापित किए जायेगे, जहां से किसानों को निर्धारित दाब से निश्चित मात्रा में सिंचाई के लिए जल उपलब्ध हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीमच-जावद सिंचाई योजना प्रारंभ की जाएगी। सभी नगर पंचायतों को 3 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे। रामपुरा मनासा में महाविद्यालय भवन निर्माण होगा। सिंचाई परियोजनाओं से छूटे हुए गाँवों को जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में लघु मध्यम सूक्ष्म उद्योग मंत्री श्री ओम प्रकाश सकलेचा, विधायक श्री माधव मारू और श्री दिलीप सिंह परिहार, पूर्व मंत्री श्री कैलाश चावला, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। आज विकास पर्व के अंतर्गत नीमच जिले को अनेक सौगात प्राप्त हुई हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि एक समय था जब नीमच जिले को लोगों को भोपाल तक आने जाने में पूरा दिन लग जाता था। सड़कों का पता ही नहीं था। शहरों और गांवों में बिजली नहीं होती थी। अब सरकार ने इन सब व्यवस्थाओं के साथ ही समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है। सरकार की योजनाएँ और कार्यक्रम जनता को परिवार के सदस्य मानकर संचालित किए जा रहे हैं।